अयोध्या के एक दर्जन पत्रकारों को लखनऊ में मिला महर्षि नारद सम्मान,नारद जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में पूरे देश के सैकड़ों पत्रकार सम्मानित
(शीतला प्रसाद पांडेय एन्ड सच 24 इंडिया टीम)
लखनऊ। देवर्षि नारद जयंती पर राजधानी लखनऊ में आयोजित भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय सम्मान समारोह में देशभर से आये पत्रकारों का सम्मान प्रशस्तिपत्र व माल्यार्पण कर किया गया। इस मौके पर जुटे पत्रकारों ने पत्रकार हितों की रक्षा व सुरक्षा की मांग की। समारोह में भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की प्रांतीय इकाई के पदाधिकारियों का शपथग्रहण भी हुआ तथा पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिये देवर्षि नारद सम्मान से नवाजा गया। इस मौके पर एक संगोष्ठी "पत्रकारिता तब और अब" विषय पर आयोजित की गयी।गोष्ठी का संचालन राष्ट्रीय संयोजक भगवान प्रसाद उपाध्याय ने किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेश्वर मिश्र ने कहा कि तब और अब की पत्रकारिता में काफी फर्क है।कापी कलम से लेकर अब नए युग की डिजिटल पत्रकारिता तक का उन्होंने जिक्र किया तथा कहा कि पहले की पत्रकारिता की अपेक्षा अब की पत्रकारिता में जोखिम ज्यादा बढ़ गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों का उत्पीड़न कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर संगठन कृतसंकल्पित है।
विधानसभा मार्ग स्थित सहकारिता भवन के विशालकाय सभागार में जुटे वक्ताओं ने पत्रकारों के मान सम्मान व स्वाभिमान की रक्षा के लिए एकजुटता का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार संघ किसी भी हालत में देश के पत्रकारों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा तथा उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।साथ साथ पत्रकारों को भेदभाव रहित पत्रकारिता करने व पीत पत्रकारिता से दूर रहने की भी सलाह दी।
इस मौके पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये पत्रकारों व जिलाध्यक्षों ने भी अपने विचार व्यक्त किये।लखनऊ जिलाध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा ने पत्रकारों का आह्वान किया कि यदि किसी पत्रकार साथी को किसी समस्या के समाधान के लिए राजधानी आने की आवश्यकता पड़ी तो यहाँ का जिला संगठन पूरा सहयोग करने के लिए हर समय तत्पर रहेगा।
अयोध्या जिलाध्यक्ष सूर्यकुमार मिश्र ने पत्रकारों के कंधा से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प लिया।कहा कि पत्रकार हितों के लिए जहां भी संघर्ष की जरूरत पड़ी हमारी जिला बॉडी खड़ी नजर आएगी। इसके अलावा जिलाध्यक्ष अम्बेडकरनगर,प्रयागराज, सुल्तानपुर,प्रतापगढ़ समेत प्रदेश के के कई जिलों के जिलाध्यक्षों ने अपने विचार व्यक्त कर पत्रकार हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर डिजिटल पत्रकारिता को लेकर भी आवाज उठी।वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक पत्रकारिता के लोग खबरों की साख गिरा रहे है जिससे फेंक न्यूज़ को बढ़ावा मिल रहा है।सलाह दी कि जल्दबाजी में गलत खबरें न परोसे तथा खबरों को देने के पहले फैक्ट जरूर चेक करें,इससे खबर व पत्रकार दोनों की साख बनी रहेगी।
विलंब से पहुंचे प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।इस मौके पर समारोह को इसके अलावा राष्ट्रीय मुख्य महासचिव मथुरा प्रसाद धुरिया,प्रांतीय मुख्य महासचिव सच्चिदानंद मिश्र,प्रदेश अध्यक्ष मधुसूदन सिंह,शमशाद अली आदि लोगों ने भी समारोह को संबोधित कर पत्रकारों के मान सम्मान व स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प लिया।स्वास्थ्य कारणों से महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनंतराम पांडेय व व्यस्तता के चलते उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक नहीं पहुंच सके।
इस मौके पर देवर्षि नारद सम्मान से संम्मानित होने वालों में अयोध्या जिले के पत्रकार सूर्यकुमार मिश्र, शीतला प्रसाद पांडेय,राकेश मिश्रा, अनिल श्रीवास्तव,राम कलप पांडेय,धर्म प्रकाश पांडेय,देवकुमार मिश्र,जितेंद्र वर्मा,राम चन्द्र,देवकुमार पांडेय,अमित कुमार मिश्र,अजय चौबे व संदीप मिश्र आदि प्रमुख थे।







टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें