तमसा तट पर विकसित होगा दीपोत्सव विलेज,कुम्हार खुश
शीतला प्रसाद पांडेय
अयोध्या। दीपोत्सव को भव्य व दिव्य बनाने वाले जिले के कुम्हारों के दिन बहुरने वाले है। सरकार इनके लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त दीपोत्सव विलेज बनाने की तैयारी कर रही है। इस विलेज के लिए चयनित कुम्हारों को मुफ्त आवास,दुकान व कुम्हारी कला के आधुनिक उपकरण दिए जाएंगे। इस बाबत भूमि का चयन हो गया है।यदि सब कुछ ठीक ठाक रहा तो दीपोत्सव के पहले इस दीपोत्सव विलेज का विकास कर कुम्हारों को नए घर व दुकान की चाबी सौंप दी जाएगी।
पर्यटन विभाग और उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के सौजन्य से निर्मित इस विलेज में आने वाले पर्यटकों को कुम्हारों की जीवन शैली का भी अनुभव होगा।दीपोत्सव विलेज की योजना को मूर्त रूप देने के लिए उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम व अर्बन आर्किटेक्ट की लखनऊ टीम ने जिले के विभिन्न गांव में दौराकर इस बाबत जमीन की तलाश की। इसी क्रम में उसने गोराघाट गयासपुर स्थित पर्यटन स्थल रामचौरा का भी दौरा कर स्थित का जायजा लिया। यहां पर ग्रामीणों द्वारा टीम को बताया गया कि पर्यटन विभाग की लगभग 23 बीघे जमीन खाली पड़ी हुई है जो कि गयासपुर निवासी अवनीश सिंह के परिजनों ने पर्यटन विभाग को दान किया था। बताया गया कि टीम द्वारा इस भूमि का चयन दीपोत्सव विलेज के लिए एक सप्ताह पूर्व ही कर लिया गया है तथा इसको अमली जामा पहनाने के लिए कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है।
अभी इसके आसपास के गांव के 10 कुम्हारों का नाम चयनित किया गया है जिनका आधार कार्ड, पासबुक व मोबाइल नंबर इकट्ठा करने की जिम्मेदारी अविनाश सिंह को सौंपी गई है।अविनाश ने बताया कि अब तक सकटपुर निवासी राम तीरथ, बुद्धू लाल, शिव प्रसाद, हरीराम,दिनेश, बंशीलाल व विक्रम तथा दल्लीपुर निवासी संदीप,आसाराम व एक अन्य का नाम चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि अभी आसपास के कुम्हारो को ही इस योजना में शामिल किया जा रहा है। बाद में धीरे-धीरे जिले के अन्य कुम्हार भी इस योजना में सम्मिलित किए जाएंगे।
यहां पर भगवान श्रीराम लक्ष्मण व सीता ने वन जाते समय प्रथम विश्राम किया था।इस स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी के बगल पूरब तरफ दीपोत्सव विलेज भी होगा जिसका पर्यटक भ्रमण कर कुम्हारों की जीवन शैली से परिचित हो सकेंगे।इस योजना को मूर्त रूप लेता देख गौराघाट गयासपुर व आसपास के कुम्हारों में खुशी है।सकटपुर निवासी राम तीरथ, बुद्धू लाल, शिव प्रसाद, हरीराम,दिनेश, बंशीलाल व विक्रम तथा दल्लीपुर निवासी संदीप व आसाराम ने कहा कि अब तक हम लोग परिश्रम व लागत के बाद भी परिवार का उचित देखभाल नहीं कर पाते थे।लेकिन अब दीपोत्सव विलेज में चयनित हो जाने के बाद उचित पारिश्रमिक व भरपूर काम दोनों मिलेगा।मिलेगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें